हिमाचल : पिछले 24 घंटे में कहां-कहां हुई बारिश, आगे कैसा रहेगा मौसम-जानें
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हुई। सिरमौर जिला के राजगढ़ में 1.1 मीमी, कांगड़ा जिला के बैजनाथ में 1.0, शिमला 0.5 मीमी बारिश दर्ज की गई, वहीं बिलासपुर में लू चली।
मौसम विज्ञान केंद्र की ताजा अपडेट के अनुसार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य रहा है और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
आज सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं कल का उच्चतम तापमान ऊना में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले पांच दिन के लिए यानी 22 मई से 26 मई तक राहत की कोई संभावना नहीं है।
22 मई को मध्य और उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है। इसके अलावा 26 मई तक एक दो स्थानों पर बिजली चमकने के साथ आंधी और लू चलने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। किन्नौर और लाहौल स्पीति को छोड़कर बाकी सभी जिलों में हीट वेव का प्रकोप जारी रहेगा।